नई दिल्ली। त्योहारी सीजन की मांग को बढ़ावा देने के लिए केंद्र सरकार बड़ा कदम उठाने जा रही है। केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण की अध्यक्षता वाली जीएसटी परिषद 22 सितंबर के आसपास नए जीएसटी टैक्स स्लैब लागू कर सकती है। सूत्रों के मुताबिक, यह बदलाव नवरात्रि उत्सव से पहले लागू होने की संभावना है।
दिल्ली में होगी अहम बैठक
जीएसटी परिषद की बैठक 3 और 4 सितंबर को राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में आयोजित होगी। इस दौरान केंद्र सरकार द्वारा प्रस्तावित 5% और 18% के सरलीकृत दो-स्लैब स्ट्रक्चर पर विचार किया जाएगा। सूत्र बताते हैं कि परिषद के अंतिम निर्णय के बाद 5-7 दिन के भीतर नोटिफिकेशन जारी कर दिए जाएंगे।
मंत्रिसमूह ने दी सैद्धांतिक सहमति
परिषद में केंद्र के अलावा सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के वित्त मंत्री शामिल होते हैं। बैठक में कंपनसेशन सेस और स्वास्थ्य एवं जीवन बीमा पर मंत्रिसमूह (GoM) की सिफारिशों पर भी चर्चा होगी। इस सप्ताह मंत्रिसमूह की बैठक में दो-स्तरीय जीएसटी ढांचे पर सैद्धांतिक सहमति बन चुकी है।




