बिलासपुर। सरकंडा क्षेत्र के महामाया आईटीआई रोड स्थित बस्ती में बने शंकर मंदिर में अज्ञात व्यक्ति द्वारा गंदगी फैलाए जाने का मामला सामने आया है। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोग भारी संख्या में जुट गए और विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया।
गुस्साए लोगों ने आरोप लगाया कि यह कृत्य जानबूझकर धार्मिक भावनाओं को आहत करने के लिए किया गया है। आक्रोशित भीड़ ने मौके पर मौजूद दो झोपड़ीनुमा घरों को भी क्षतिग्रस्त कर दिया।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन स्थिति बिगड़ती देख शुरुआती तौर पर जवानों को पीछे हटना पड़ा। बाद में वरिष्ठ अधिकारियों की निगरानी में स्थिति को नियंत्रण में लाया गया।
पुलिस ने इस घटना को गंभीर और संवेदनशील मानते हुए जांच शुरू कर दी है। चार संदिग्ध व्यक्तियों को हिरासत में लिया गया है और उनसे पूछताछ की जा रही है।
दुर्गा विसर्जन के बीच हुए इस घटनाक्रम ने इलाके में तनाव का माहौल बना दिया है। प्रशासन लोगों से शांति बनाए रखने की अपील कर रहा है।




