बिलासपुर। तारबाहर थाना क्षेत्र में 5 अक्टूबर की रात हुई लूटपाट की वारदात का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। इस मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी शैलेंद्र उर्फ राज कश्यप और उसके नाबालिग साथी को गिरफ्तार किया है। शैलेंद्र गिरफ्तारी के बाद पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया था, लेकिन तीन दिन की लगातार तलाश के बाद उसे टिकरापारा इलाके से दोबारा पकड़ लिया गया।
घटना के मुताबिक, 5 अक्टूबर की रात तारबाहर स्थित अंबा पेट्रोल पंप के पास दयालबंद के निवासी और सेलून कर्मी अंकित श्रीवास पेट्रोल भरवा रहे थे। उसी दौरान शैलेंद्र और उसका साथी बाइक पर वहां मौजूद थे। अंकित ने पेट्रोल का भुगतान करने के लिए जेब से नोटों की गड्डी निकाली, जिसे देखकर आरोपी के मन में लूट की योजना बनी।
पेट्रोल भरवाने के बाद आरोपियों ने अंकित को रोककर चाकू दिखाते हुए धमकाया और ₹9,000 लूट लिए। विरोध करने पर अंकित के जांघ पर चाकू से हमला भी किया गया।
वारदात के बाद पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगाले और मुखबिर की मदद से आरोपियों की पहचान की। प्रारंभिक कार्रवाई में दोनों को गिरफ्तार किया गया था, लेकिन शैलेंद्र ने हथकड़ी खोलकर रात में भागने की कोशिश की। पुलिस ने तुरंत दबिश दी और आखिरकार मंगलवार की शाम टिकरापारा से उसे दोबारा पकड़ लिया।
सिविल लाइन सीएसपी निमितेश सिंह ने बताया कि आरोपी अब पुलिस हिरासत में है और उससे आगे की पूछताछ जारी है।




