रायपुर। राष्ट्रीय राजमार्ग-30 पर केशकाल नगर सीमा के भीतर लंबे समय से जर्जर हालत में पड़ी सड़क अब जल्द ही सुधरने वाली है। बड़े-बड़े गड्ढों और धंसी हुई परतों के कारण यह मार्ग लोगों के लिए जानलेवा बन गया था। हालत यह थी कि ढाई किलोमीटर सड़क पार करने में ही वाहनों को आधे घंटे तक का समय लग रहा था।
लोगों की वर्षों पुरानी मांग आखिरकार पूरी होने जा रही है। केंद्र सरकार ने केशकाल क्षेत्र में NH-30 की लगभग 3.800 किलोमीटर लंबी सड़क की मरम्मत के लिए 819.67 लाख रुपये की स्वीकृति प्रदान की है। इस मंजूरी के बाद सड़क सुधार कार्य शुरू होने की उम्मीद है, जिससे क्षेत्रवासियों को बड़ी राहत मिलेगी।
Read Also- बस्तर दशहरा: 60 साल पुरानी परंपरा बहाल करने की मांग, पटेल समाज ने दी चेतावनी
स्थानीय लोग लंबे समय से इस मार्ग की खराब हालत से जूझ रहे थे। बरसात के दौरान गहरे गड्ढों में पानी भरने से दुर्घटनाओं का खतरा और बढ़ जाता था। आए दिन बाइक, स्कूटी सवारों के गिरने की घटनाएं सामने आती थीं, वहीं बस और ट्रक जैसे भारी वाहन टूट-फूट और पलटने की स्थिति में पहुंच जाते थे।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने इस स्वीकृति पर प्रसन्नता जताते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह परियोजना केशकाल क्षेत्र के विकास में मील का पत्थर साबित होगी और यहां की जनता को सुरक्षित एवं बेहतर सड़क सुविधा उपलब्ध कराएगी।




