खैरागढ़। जिले के कोड़ेनवा गांव में प्रेम विवाह को लेकर दो पक्षों के बीच उपजा विवाद बुधवार देर रात हिंसक झड़प में बदल गया। हालात बिगड़ने से पहले पुलिस ने मोर्चा संभाल लिया, जिससे बड़ी अनहोनी टल गई।
रंजिश से हुआ हमला
जानकारी के अनुसार, प्रेम विवाह को लेकर चल रही पुरानी रंजिश के चलते गांव में बुधवार देर रात विवाद बढ़ गया। इस दौरान जितेंद्र साहू और नरेंद्र साहू ने दुलारू साहू और उसकी बेटी पर हमला कर दिया। अचानक हुए इस वारदात से गांव में हड़कंप मच गया और अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
ग्रामीणों ने किया पलटवार
घटना की खबर मिलते ही रात करीब 9 बजे पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों हमलावरों को हिरासत में ले लिया। लेकिन स्थिति यहीं नहीं थमी। आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद भी गांव में तनाव बढ़ता गया। कुछ युवक शराब के नशे में आरोपियों पर हमला करने पहुंचे, जिन्हें पुलिस ने रोक लिया। इसके बावजूद गुस्साए ग्रामीणों ने आरोपियों के घरों पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया।
पुलिस की सख्ती से थमे हालात
स्थिति को नियंत्रण में लेने के लिए पुलिस ने राकेश नेताम सहित 9 लोगों को मौके से हिरासत में लिया। इस तरह अब तक कुल 11 गिरफ्तारियां हो चुकी हैं। मामले में दो अलग-अलग प्रकरण दर्ज किए गए हैं। राहत की बात यह रही कि इस पूरी घटना में किसी को गंभीर चोट नहीं आई।
एसपी लक्ष्य शर्मा की अपील
घटना के बाद एसपी लक्ष्य शर्मा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कहा कि पुलिस की तत्परता से गांव की स्थिति बिगड़ने से पहले ही नियंत्रण में आ गई। उन्होंने ग्रामीणों से शांति बनाए रखने की अपील की और सख्त कार्रवाई का भरोसा दिलाया।




