बलौदाबाजार। बलौदाबाजार-भाटापारा जिले के सिमगा थाना क्षेत्र से दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है। चंदिया पथरा गांव स्थित शिवनाथ नदी के एनीकट पर नहाने गए चार युवकों में से तीन की डूबने से मौत हो गई, जबकि एक युवक को ग्रामीणों और पुलिस की मदद से सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
जानकारी के अनुसार, दीपावली के मौके पर बिलासपुर के दो युवक, भावेश साहू और युगल प्रकाश साहू अपने दोस्तों से मिलने ग्राम किरहुल पहुंचे थे। वहां से वे अन्य दो साथियों के साथ पास के एनीकट में नहाने गए। नहाने के दौरान तेज बहाव में चारों बह गए। इनमें युगल प्रकाश साहू ने एनीकट के पत्थर को पकड़ लिया, जिससे उसकी जान बच गई। ग्रामीणों और पुलिस की मदद से उसे बाहर निकाला गया और इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया।
एडिशनल एसपी अभिषेक सिंह ने बताया कि पानी का बहाव तेज होने के कारण तीन युवक गहराई में समा गए। रात होने की वजह से खोजबीन रोकनी पड़ी। बुधवार को पुनः सर्च ऑपरेशन चलाया गया, जिसके बाद तीनों युवकों के शव बरामद किए गए।
मृतकों की पहचान भावेश साहू (पिता संतराम साहू, निवासी तारबाहर, बिलासपुर), मुकेश साहू (पिता मानसिंह साहू, निवासी किरहुल) और दुलेश्वर साहू (पिता मानसिंह साहू, निवासी किरहुल) के रूप में हुई है। बचा हुआ युवक युगल प्रकाश साहू, तारबाहर बिलासपुर का निवासी है।
स्थानीय ग्रामीणों ने बताया कि नदी में इन दिनों पानी का स्तर सामान्य से अधिक है और एनीकट के आसपास कोई सुरक्षा बैरियर या चेतावनी बोर्ड नहीं लगा है, जिससे हादसे की संभावना बढ़ जाती है।




