बीजापुर। माओवादी संगठन में आत्मसमर्पण को लेकर चल रही उहापोह की स्थिति के बीच तीन वरिष्ठ नक्सलियों ने आत्मसमर्पण कर मुख्य धारा में शामिल होने का निर्णय लिया है। कुकंती वैंकटैया उर्फ रमेश उर्फ विकास, मोमिलिडला वेंकटराज उर्फ राजू उर्फ चंदू और तोडेम गंगा सोनू उर्फ सोनी ने तेलंगाना पुलिस के समक्ष आत्मसमर्पण किया।
कुकंती वैंकटैया दक्षिण बस्तर डिवीजन का डिवीसीएम और वरिष्ठ माओवादी नेता रहा, जो 36 वर्षों से नक्सल संगठन में सक्रिय था। मोमिलिडला वेंकटराज डिवीसीएम और एसीसीएम सदस्य के रूप में 35 वर्षों तक भूमिगत रहा। वहीं, तोडेम गंगा सोनू एससीएम सदस्य और जनता सरकार की प्रभारी के रूप में 21 वर्षों तक माओवादी संगठन से जुड़ी रही।
तीनों नेताओं का संगठन की हिंसक विचारधारा से मोहभंग हो गया और उन्होंने सामान्य जीवन जीने की इच्छा व्यक्त की। यह आत्मसमर्पण तेलंगाना और छत्तीसगढ़ पुलिस के संयुक्त अभियान की सफलता और जनता के बढ़ते विश्वास का परिणाम है।




