दुर्ग ज़िले के पाटन-दुर्ग रोड पर मंगलवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में बुजुर्ग की मौत हो गई। यह घटना उतई थाना क्षेत्र के गोंड़पेंड्री गांव की है, जहां सुबह 6 बजे टहलने निकले बुजुर्ग को तेज़ रफ्तार रेत से भरी हाइवा ने कुचल दिया। घायल अवस्था में उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। हादसे के बाद गांव में आक्रोश भड़क उठा।
बिलासपुर में रेत माफियाओं पर बड़ी कार्रवाई, 85 ठिकानों पर छापे, 52 वाहन जब्त
ग्रामीणों ने घटनास्थल पर जमकर हंगामा किया और हाइवा वाहन में तोड़फोड़ की। ड्राइवर की मौके पर ही ग्रामीणों ने पिटाई कर दी। सूचना मिलते ही उतई पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने आरोपी ड्राइवर को हिरासत में ले लिया है और वाहन को जब्त कर लिया गया है। अधिकारियों के अनुसार, मामले की जांच जारी है और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है। इस हादसे ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा और रेत परिवहन के दौरान लापरवाही को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन से सड़क पर वाहनों की गति नियंत्रित करने और निगरानी बढ़ाने की मांग की है।




