राजनांदगांव। जिले के खैरागढ़ रोड पर सिंगारपुर के पास रविवार रात एक भीषण सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर क्रैश बैरियर से टकरा गई, जिससे बाइक सवार तीन युवकों में से दो की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में एक युवक को मामूली चोटें आई हैं।
हादसा रविवार रात करीब 9:30 बजे हुआ, जब ग्राम जोगी दल्ली निवासी दुलेश यादव (26), जमुनालाल निर्मलकर (27) और तरुण वर्मा (27) एक ही बाइक से राजनांदगांव से अपने गांव लौट रहे थे। बाइक चला रहा था तरुण वर्मा।
जब तीनों युवक सिंगारपुर के पास मोड़ पर पहुंचे, तब बाइक तेज रफ्तार में अनियंत्रित होकर पहले लोहे के क्रैश बैरियर से टकराई और फिर तीनों युवक सड़क पर बुरी तरह गिर पड़े। गिरने से दुलेश यादव और जमुनालाल निर्मलकर के सिर में गंभीर चोटें आईं, जिससे दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। तरुण वर्मा ने हेलमेट पहना हुआ था, जिससे उसे मामूली चोट आई।
अस्पताल पहुंचते ही डॉक्टरों ने की मौत की पुष्टि
घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और तीनों को तुरंत खैरागढ़ सिविल अस्पताल ले जाया गया। वहां डॉक्टरों ने दुलेश और जमुनालाल को मृत घोषित कर दिया। तरुण वर्मा का प्राथमिक उपचार कर उसे घर भेज दिया गया।
गांव में पसरा मातम
सोमवार सुबह पुलिस ने दोनों शवों का पोस्टमॉर्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया। दो युवकों की असमय मौत से ग्राम जोगी दल्ली में शोक की लहर है। ग्रामीणों और परिवारजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।




