कोरबा। जिले के उरगा चौक के पास चांपा मुख्य मार्ग पर शुक्रवार को एक तेज रफ्तार भारी वाहन की चपेट में आने से बाइक सवार दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। मृतकों की पहचान 34 वर्षीय पुरुषोत्तम पटेल और 36 वर्षीय अयोध्या पटेल के रूप में हुई है, जो बरीडीह गांव के निवासी और आपस में रिश्तेदार थे।
घटना की जानकारी मिलते ही उरगा पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन गुस्साए स्थानीय लोगों ने शव को हटाने से इनकार करते हुए सड़क पर चक्काजाम कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने ट्रक चालक की गिरफ्तारी और मृतकों के परिजनों को तात्कालिक मुआवजा देने की मांग की है।
चक्काजाम की वजह से सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई है और यातायात पूरी तरह से ठप हो गया है। बताया जा रहा है कि दोनों युवक किसी निजी काम से बाहर गए थे और लौटते समय यह हादसा हो गया।
पुलिस प्रशासन मौके पर स्थिति को शांत कराने में जुटा है और प्रदर्शनकारियों से बातचीत जारी है।




