प्रयागराज। महाकुंभ में आज सुबह मची भगदड़ पर मेला अधिकारी और DIG कुंभ वैभव कृष्ण ने प्रेस कॉन्फ्रेंस की। इस दौरान DM मेला विजय किरण आनंद और डीआईजी मेला वैभव कृष्णा ने श्रद्धालुओं की मौत का आधिकारिक आंकड़ा जारी करते हुए बताया कि भगदड़ में 30 लोगों की मौत हुई है, इनमें 25 मृतकों की पहचान कर ली गई हैं। वहीं, 36 घायलों का अस्पताल में इलाज चल रहा है।
‘भीड़ की वजह से कुछ बैरिकेड टूटे’
डीआईजी ने बताया कि भीड़ की वजह से कुछ बैरिकेड टूट गए। कुछ श्रद्धालु बैरिकेड्स तोड़कर आगे जाना चाहते थे जिससे वहां सोए हुए श्रद्धालुओं पर भीड़ चल पड़ी। हादसे के बाद 90 लोगों को अस्पताल लाया गया। डीआईजी ने बताया कि वहां कोई वीआईपी प्रोटोकॉल नहीं था।
घायलों की जानकारी के लिए हेल्पलाइन नंबर जारी
घायलों की जानकारी के लिए हेल्पलाइन नंबर 1920 जारी किया गया है। बता दें कि प्रयागराज में चल रहे महाकुंभ से आज सुबह भगदड़ की खबर सामने आई थी। इस हादसे पर पीएम मोदी ने भी दुख जताया था और वह लगातार सीएम योगी के साथ संपर्क में बने हुए थे।




