रायपुर। बिहार विधानसभा चुनाव के रुझानों के बीच उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि एनडीए को 150 से अधिक सीटों पर जीत मिलने का अनुमान था और वहां एनडीए की ही सरकार बनेगी। शर्मा ने कहा, बिहार की जनता को बधाई, जिन्होंने इस बार विकास के पक्ष में निर्णायक वोट दिया। पहले बिहार में गुंडाराज हुआ करता था, लेकिन इस बार जनता ने साफ संदेश दिया है।
कांग्रेस को आत्म-मूल्यांकन की जरूरत
ईवीएम को लेकर कांग्रेस के आरोपों पर शर्मा ने तीखा हमला किया। उन्होंने कहा, राहुल गांधी बेहतर नेतृत्व नहीं कर पा रहे। जब उन्हें कुछ नहीं मिलता, तो ईवीएम को दोष देना उनकी आदत बन गई है। कांग्रेस को आत्म-मूल्यांकन करने की जरूरत है।
Read Also- अब नहीं चलेगी मनमानी: सांसद भोजराज नाग ने अधिकारियों को दी चेतावनी, कहा- जनता का फोन नहीं उठाया तो नींबू काटूंगा
भूपेश बघेल पर उपमुख्यमंत्री का वार
बिहार चुनाव में सीनियर आब्जर्वर की जिम्मेदारी निभा रहे भूपेश बघेल पर शर्मा ने कहा, भूपेश जी पहले अपने बोलने के अंदाज को सुधारें। यदि वे प्रभावशाली नेता बनना चाहते हैं, तो अपने व्यवहार और अंदाज पर ध्यान दें। सबको भैंस समझने और लाठी रखने से नेतृत्व मजबूत नहीं होता।
धान खरीदी के लिए सरकार पूरी तरह तैयार
15 नवंबर से शुरू होने वाली धान खरीदी को लेकर उपमुख्यमंत्री ने कहा, इस बार सरकार किसानों से प्रति एकड़ 21 क्विंटल धान, 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से खरीदेगी। हमारी पूरी तैयारी है कि किसानों को उनकी मेहनत का उचित मूल्य मिले।




