ख़बरवाद डेस्क, रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी में पुलिस की धरपकड़ अभियान से खुद को बचाने के लिए एक निगरानी बदमाश बिजली के खंबे पर चढ़ गया, लेकिन उसे ये नहीं मालूम था कि ऐसा करना उसके जान के लिए खतरा साबित होगा।
यह पूरा मामला; रायपुर के डीडी नगर इलाके का है। बताया जा रहा है कि निगरानी बदमाश शिवा नेताम को पकड़ने के लिए पुलिस पहुंची थी। इस दौरान शिवा बिजली के खंबे पर चढ़ गया और हाईटेंशन तार की चपेट में आ गया। हालांकि समय रहते पुलिस की सूझबूझ से उसे बचा लिया गया। लेकिन हाईटेंशन तार से लगे झटके के कारण उसकी स्थिति गंभीर हो गई थी। इसके बाद उसे मेकाहारा अस्पताल में भर्ती कराया गया। फ़िलहाल शिवा की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
डीडी नगर पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक; शिवा नेताम पर शहर के अलग-अलग थाना इलाके में 19 मामले दर्ज है। इसलिए पुलिस शिवा और उनके जैसे आपराधिक गतिविधियों में शामिल असामाजिक तत्वों को पकड़ने के लिए शहर भर में अभियान चला रही है।




