Chhattigarh 3rd National Lok Adaalat : छत्तीसगढ़ राज्य में तृतीय नेशनल लोक अदालत का आयोजन किया गया, जिसमें मुख्य न्यायाधिपति छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय-सह-मुख्य संरक्षक न्यायमूर्ति रमेश सिन्हा ने वर्चुअल मोड के माध्यम से सभी 23 जिला एवं सत्र न्यायालयों की कार्यवाहियों का निरीक्षण किया. इस अवसर पर न्यायमूर्ति रमेश सिन्हा ने सभी जिलों के प्रधान जिला न्यायाधीशों और खण्डपीठ के पीठासीन अधिकारियों से संवाद करते हुए लोक अदालत की प्रगति का जायजा लिया और उन्हें अधिक से अधिक प्रकरणों के निराकरण के लिए प्रोत्साहित किया.
मुख्य न्यायाधीश ने उच्च न्यायालय बिलासपुर में नेशनल लोक अदालत के संबंध में गठित दोनों खण्डपीठों का भी भ्रमण किया और अधिवक्ताओं एवं पक्षकारों को लोक अदालत के माध्यम से प्रकरणों के त्वरित निराकरण की बात कही. उन्होंने यह भी कहा कि यह पहल न्यायालयीन कार्यवाहियों में आधुनिक तकनीक के उपयोग को दर्शाती है, जो पक्षकारों में विश्वास सृजित करेगी और लोक अदालत को अधिक विश्वसनीयता प्रदान करेगी.
छत्तीसगढ़ राज्य में उच्च न्यायालय से लेकर तालुका स्तर न्यायालयों के साथ-साथ राजस्व न्यायालयों में आयोजित नेशनल लोक अदालत में 8 लाख 84 हजार से अधिक मामलों का निराकरण करते हुए 229 करोड़ रूपये से अधिक का अवार्ड पारित किया गया. इस नेशनल लोक अदालत में यह महत्वपूर्ण रहा है कि सुकमा जिले में बाढ़ के कारण पक्षकार जिला न्यायालय तक नहीं आ पाए उन पक्षकारों को वीडियो कान्फ्रेंसिंग के माध्यम से जोड़कर प्रकरणों में राजीनामा के आधार पर निराकरण किया गया.




