सरगुजा। जिले में हुए दो बाइक की आमने-सामने की टक्कर में एक महिला समेत 3 लोगों की मौत हो गई। जब कि दूसरी महिला गंभीर रुप से घायल है। घायल महिला को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जबकि तीनों शवों को पीएम के लिए भिजवाया गया है। घटना बसंतपुर थाना के अंबिकापुर-बनारस मार्ग पर लेदो नदी के पास शुक्रवार देर शाम की है।
जानकारी के मुताबिक, बलरामपुर-रामानुजगंज जिले के ग्राम बसंतपुर का रहने वाला अजय पोया (23 वर्ष) अपनी बाइक से गुरुवार शाम करीब 6 बजे वाड्रफनगर जा रहा था। वो बनारस-अंबिकापुर स्टेट हाईवे पर बसंतपुर और वाड्रफनगर के बीच स्थित लेदो नदी के पास पहुंचा ही था कि वाड्रफनगर की ओर से आ रही थी बाइक ने टक्कर मार दी। दूसरी बाइक पर बसंतपुर निवासी विनोद कुमार (22 वर्ष), निराशो और मानपति सवार थी। हादसा इतना जबरदस्त था कि दोनों बाइक चालकों अजय पोया, विनोद कुमार के अलावा महिला निराशो की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि मानपति गंभीर रूप से घायल हो गई है। सभी के सिर पर गंभीर चोट लगने के कारण उनकी तत्काल मौत हुई।




