बैंकाक: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी शुक्रवार को बैंकाक के वात फो मंदिर गए, जो अपनी वास्तुकला और लेटे हुए बुद्ध की 46 मीटर लंबी विशाल प्रतिमा के लिए प्रसिद्ध है। थाईलैंड की प्रधानमंत्री पैतोंगतार्न शिनावात्रा भी उनके साथ थीं।
प्रधानमंत्री मोदी ने लेटे हुए भगवान बुद्ध की पूजा अर्चना की और मंदिर में वरिष्ठ बौद्ध भिक्षुओं को ‘संघदान’ दिया। प्रधानमंत्री ने लेटे हुए बुद्ध के मंदिर को अशोक के सिंह स्तंभ की प्रतिकृति भी भेंट की तथा भारत और थाईलैंड के बीच मजबूत और जीवंत, सभ्यतागत संबंधों को याद किया। इसके साथ ही उन्होंने नेपाल के प्रधानंत्री केपी शर्मा ओली से भी मुलाकात की।
सुकमा पुलिस को मिली बड़ी सफलता: 20 लाख के ईनामी चार नक्सलियों ने किया आत्मसमर्पण
विदेश मंत्रालय ने यात्रा की तस्वीरों के साथ ‘एक्स’ पर जारी एक पोस्ट में कहा, ‘‘सदियों पुराना एक सांस्कृतिक और आध्यात्मिक संबंध! प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने प्रधानमंत्री पैतोंगतार्न शिनावात्रा के साथ वात फ्रा चेतुफोन विमोनमंगकलाराम रत्चवोरमाहविहान- वात फो में लेटे हुए बुद्ध के ऐतिहासिक मंदिर का दौरा किया और दिव्य आशीर्वाद मांगा।’’ वात फ्रा चेतुफोन विमोनमंगकलाराम रत्चवोरमाहविहान को वात फो के नाम से जाना जाता है। यहां थाईलैंड में बुद्ध की छवियों का सबसे बड़ा संग्रह है और यह देश का सबसे पुराना सार्वजनिक शिक्षण केंद्र है।



