श्रीनगर। जम्मू कश्मीर के पहलगाम में मंगलवार को हुए आतंकी हमले से पूरे देश में आक्रोश है. इस हमले में अब तक 28 लोगों की मौत हो गई है जबकि 17 लोग घायल बताए गए हैं. इस बीच पाकिस्तानी सेना ने अपनी तरफ के लाइन ऑफ कंट्रोल पर हाई अलर्ट जारी किया है.
पाकिस्तानी सेना ने इस साल अब तक जम्मू कश्मीर में तीन बार सीजफायर का उल्लंघन किया है. इस अवधि के दौरान भारतीय सेना के साथ मुठभेड़ में पांच आतंकियों को मार गिराया गया.
इंटेलिजेंस सूत्रों के मुताबिक, एलओसी के पास पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर में 42 टेररिस्ट लॉन्च पैड एक्टिव हैं. इन लॉन्च पैड पर 110 से 130 आतंकी मौजूद बताए जा रहे हैं. कश्मीर घाटी में 70 से 75 आतंकी एक्टिव हैं. जम्मू के राजौरी में 60 से 65 आतंकी एक्टिव हैं. ये सभी आतंकी पाकिस्तानी हैं.
इन आंतकी संगठनों में पाकिस्तान ने सिर्फ चार स्थानीय युवकों की भर्तियां की हैं. भारतीय सुरक्षाबल हर पांचवें दिन एक आतंकी को ढेर कर रही है. अब तक मारे गए 75 आतंकियों में से अधिकतर विदेशी थे. इसमें से 17 आतंकी एलओसी और आईबी से घुसपैठ की कोशिश के दौरान मार गिराए गए जबकि 26 आतंकी मुठभेड़ों के दौरान ढेर कर दिए गए.




