रुद्रप्रयाग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले के श्रद्धालुओं से भरी कार में चट्टान गिरने से दो की मौत हो गई है। इस कार में सवार अन्य श्रद्धालु गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। मृतकों में वाहन चालक और एक छत्तीसगढ़ का नागरिक शामिल है। वहीं घायल अन्य श्रद्धालु दुर्ग जिले के रहने वाले है।
छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिला के रहने वाले 24 वर्षीय शैलेश कुमार, 24 वर्षीय लक्ष्मण सिंह, 24 वर्षीय ओंकार सिंह, 19 वर्षीय विपेश यादव और चित्रांश साहू चार धाम की यात्रा पर निकले थे। गंगोत्री और यमुनोत्री के दर्शन करने के बाद श्रद्धालु केदारनाथ धाम की यात्रा के लिए रवाना हुए। शुक्रवार की शाम रुद्रप्रयाग जिले में गौरीकुंड हाईवे पर काकरागढ़ के पास पहुंचे ही थे कि सड़क के बाजू की पहाड़ी से एक बड़े चट्टान का टुकड़ा टूटकर वाहन पर गिर। जिससे वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में चालक सहित दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि कार सवार अन्य यात्री घायल हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही एसडीआरएफ, डीडीआरएफ की टीमें मौके पर पहुंची और रेस्क्यू शुरू किया। सभी घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अगस्त्यमुनि पहुंचाया गया। मृतकों में नाग पनियाला, लंबगांव नई टिहरी निवासी 38 वर्षीय राजेश रावत, जो कि वाहन चालक थे और दुर्ग निवासी शैलेश कुमार शामिल है। वहीं घायलों में लक्ष्मण सिंह, ओंकार सिंह, विपेश यादव और चित्रांश साहू शामिल है।




