बस्तर। जिले के दरभा ब्लॉक अंतर्गत चिड़पाल पंचायत में अचानक उल्टी-दस्त के कई मामले सामने आने से हड़कंप मच गया है। बीते दो दिनों में गांव में इस बीमारी के मरीजों की संख्या तेजी से बढ़ी है, अब तक एक दर्जन से अधिक ग्रामीण इसकी चपेट में आ चुके हैं।
स्वास्थ्य विभाग द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, अब तक चार गंभीर मरीजों को तोकापाल स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है, जबकि पांच अन्य मरीजों का इलाज चिड़पाल के जूनापानी पारा में स्वास्थ्य टीम द्वारा किया जा रहा है। अन्य मरीजों की निगरानी गांव में ही की जा रही है।
Read Also- गिरौदपुरी के अमर गुफा मामले में चल रही न्यायिक जांच की समय अवधि बढ़ी
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO) डॉ. संजय बसाक ने शुक्रवार को चिड़पाल पहुंचकर वहां लगाए गए स्वास्थ्य शिविर का निरीक्षण किया। उन्होंने बताया कि कलेक्टर के निर्देश पर स्वास्थ्य विभाग की एक विशेष टीम को तत्काल गांव में तैनात किया गया है, जो लगातार हालात पर नजर बनाए हुए है।
डॉ. बसाक ने बताया कि सभी मरीज अब स्थिर स्थिति में हैं और खतरे से बाहर हैं। एहतियातन गांव के अन्य निवासियों की भी स्वास्थ्य जांच की जा रही है, ताकि संक्रमण को फैलने से रोका जा सके।
Read Also- बीजापुर के जंगलों में सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ जारी, एक और इनामी नक्सली के ढेर होने की खबर….
स्वास्थ्य विभाग ने गांव में उपयोग किए जा रहे पेयजल स्रोतों के सैंपल लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेज दिए हैं, जिससे बीमारी के संभावित कारणों का पता लगाया जा सके। प्रारंभिक आशंका है कि दूषित पानी इस बीमारी का प्रमुख कारण हो सकता है।
ग्रामीणों को साफ पानी पीने, भोजन से पहले हाथ धोने, और स्वच्छता का विशेष ध्यान रखने की सलाह दी गई है। विभाग ने लोगों से किसी भी प्रकार के लक्षण दिखने पर तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र से संपर्क करने की अपील की है।




