अहमदाबाद। गुजरात के अहमदाबाद में हाल ही में हुए दर्दनाक एयर इंडिया विमान हादसे ने पूरे देश को झकझोर दिया। इस हादसे ने न सिर्फ सैकड़ों जिंदगियां निगल लीं, बल्कि 17 वर्षीय छात्र आर्यन असानी की जिंदगी में भी गहरा असर छोड़ा। आर्यन वही युवक है, जिसने हादसे से ठीक पहले विमान का वीडियो रिकॉर्ड किया था, जो अब वायरल हो चुका है और जांच में अहम साक्ष्य बन सकता है।
आर्यन 12वीं कक्षा की पढ़ाई के लिए किताबें खरीदने गुरुवार को अहमदाबाद आया था। वह अपने पिता के किराए के मकान में ठहरा था, जो हवाई अड्डे और दुर्घटनास्थल के बीच स्थित है। उत्सुकतावश वह मकान की छत पर गया और देखा कि एक विमान बेहद कम ऊंचाई पर उड़ रहा है। विमान को इतने करीब से देखकर उसने वीडियो बनाना शुरू किया, लेकिन अचानक विमान नीचे गिरा और एक मेडिकल कॉलेज के परिसर में जा टकराया, जिससे जोरदार धमाका हुआ।
आर्यन ने मीडिया से कहा, “मैंने सोचा था विमान लैंड करेगा, लेकिन वह मेरी आंखों के सामने दुर्घटनाग्रस्त हो गया। यह दृश्य बेहद डरावना था और आज भी मुझे डराता है।”
आर्यन के पिता सेना से रिटायर होने के बाद अहमदाबाद मेट्रो में सुरक्षा गार्ड हैं। मकान मालिक कैलाशबा ने बताया कि आर्यन पहली बार शहर आया था और कुछ ही घंटों में उसने ऐसा भयावह मंजर देख लिया।
गुमा उरला में मंदिर की आड़ में अवैध प्लॉटिंग का खुलासा, ग्रामीणों में उबाल, प्रशासन मौन
हादसे के बाद क्राइम ब्रांच ने आर्यन का बयान दर्ज किया है। पुलिस का मानना है कि आर्यन द्वारा रिकॉर्ड किया गया वीडियो और उसकी गवाही जांच में निर्णायक साबित हो सकती है। फिलहाल आर्यन अपने गांव शमलाजी तालुका लौट चुका है, ताकि पढ़ाई पर फिर से ध्यान केंद्रित कर सके।




