भुवनेश्वर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने ओडिशा दौरे पर गुरुवार को एक विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए एक बड़ा खुलासा किया। उन्होंने कहा कि कनाडा में G7 समिट के दौरान अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने उन्हें वॉशिंगटन आकर भोजन करने का न्योता दिया था, लेकिन उन्होंने विनम्रतापूर्वक इसे ठुकरा दिया। उन्होंने कहा, “मुझे ओडिशा की धरती खींच लाई। महाप्रभु जगन्नाथ के आशीर्वाद और ओडिशा की जनता से मिलने की इच्छा मेरी प्राथमिकता रही।”
PM मोदी के इस बयान से वहां मौजूद जनसमूह में उत्साह की लहर दौड़ गई और लोग जयकारे लगाने लगे।
कांग्रेस पर साधा निशाना
अपने भाषण में प्रधानमंत्री मोदी ने कांग्रेस पर जोरदार हमला बोला। उन्होंने कहा कि आज़ादी के बाद कांग्रेस ने देश को अटकाने, लटकाने और भटकाने का काम किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के शासन में भ्रष्टाचार, सुशासन की कमी और विकास कार्यों में बाधाएं रहीं। वहीं बीजेपी की सरकार ने देश को पहली बार तेज़ विकास का अनुभव कराया है।
मोदी ने कहा, “असम, त्रिपुरा जैसे पूर्वोत्तर राज्यों में जहां कभी अस्थिरता और हिंसा थी, आज वहां शांति और विकास का माहौल है। यह परिवर्तन बीजेपी की नीति और नीयत का परिणाम है।”
ओडिशा में डबल इंजन सरकार का असर
प्रधानमंत्री ने ओडिशा में एक साल पहले बनी डबल इंजन सरकार की उपलब्धियों का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि पहले यहां भ्रष्टाचार और लालफीताशाही का बोलबाला था, लेकिन अब स्थितियाँ बदल रही हैं। गरीबों, किसानों, महिलाओं और युवाओं तक सरकारी योजनाओं का लाभ सीधे पहुंच रहा है।
उन्होंने जनता से अपील की कि विकास की इस रफ्तार को बनाए रखने के लिए बीजेपी का साथ दें और ओडिशा को देश के अग्रणी राज्यों में शामिल करने में सहयोग करें।




