नई दिल्ली। गुवाहाटी से चेन्नई जा रही इंडिगो की फ्लाइट 6E 6764 को गुरुवार रात उस समय आपात स्थिति में बेंगलुरु डायवर्ट करना पड़ा, जब विमान के पायलट ने ‘फ्यूल मेडे’ (Fuel Mayday) कॉल जारी किया। यह कॉल विमान में ईंधन की गंभीर कमी को दर्शाता है और प्राथमिकता के आधार पर लैंडिंग की आवश्यकता को दर्शाता है।
बस्तर में बड़ा सड़क हादसा, NH-30 पर 90 यात्रियों से भरी बस पलटी
सूत्रों के मुताबिक चेन्नई एयरपोर्ट पर भारी ट्रैफिक के कारण फ्लाइट को लैंडिंग की अनुमति नहीं मिल पाई। विमान ने चेन्नई के आसमान में कई बार चक्कर लगाए, जिससे उसका ईंधन स्तर तेजी से कम हो गया। स्थिति गंभीर होने पर पायलट ने गुरुवार रात 8:11 बजे बेंगलुरु के केम्पेगौड़ा इंटरनेशनल एयरपोर्ट (KIA) को ‘फ्यूल मेडे’ सिग्नल भेजा। इसके चार मिनट बाद, 8:15 बजे, विमान ने KIA पर सुरक्षित लैंडिंग कर ली।
किसानों के लिए राहतभरी खबर, अवकाश के दिनों में भी खुली रहेंगी खाद बीज समितियां
विमान में सवार सभी यात्री सुरक्षित हैं। लैंडिंग के बाद यात्रियों को विमान से उतारा गया, उन्हें रिफ्रेशमेंट दिया गया और फ्लाइट में फिर से ईंधन भरा गया। सभी सुरक्षा प्रक्रियाएं पूर्ण करने के बाद विमान ने रात 10:24 बजे दोबारा उड़ान भरी और चेन्नई एयरपोर्ट पर सफलतापूर्वक लैंडिंग की।
घटना के संबंध में DGCA (डायरेक्टरेट जनरल ऑफ सिविल एविएशन) और अन्य संबंधित अधिकारियों को पूरी जानकारी दे दी गई है। DGCA इस पूरे मामले की जांच कर रहा है कि क्या नियमानुसार ईंधन योजना बनाई गई थी या नहीं, और क्या चेन्नई हवाई अड्डे पर ट्रैफिक प्रबंधन में कोई चूक हुई।
इंडिगो एयरलाइंस ने अपने बयान में कहा है कि यात्री सुरक्षा उसकी सर्वोच्च प्राथमिकता है और इस घटना में समय पर निर्णय लेकर संभावित खतरे को टाल दिया गया। यह घटना एक बार फिर हवाई सुरक्षा और आपातकालीन प्रबंधन की सतर्कता को दर्शाती है।




