इटावा। यूपी के इटावा जिले के दांदरपुर गांव में यादव कथावाचकों के साथ हुई कथित बदसलूकी का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। शुक्रवार को ‘अहीर रेजिमेंट’ के दर्जनों समर्थक कथावाचकों के समर्थन में गांव पहुंचने की कोशिश कर रहे थे, जिसे पुलिस ने रोकने की कोशिश की। इस दौरान भीड़ उग्र हो गई और पुलिस पर पथराव कर दिया। हालात काबू में करने के लिए पुलिस को बल प्रयोग करना पड़ा और दारोगा को कई राउंड हवाई फायरिंग करनी पड़ी।
भीड़ में शामिल कुछ उपद्रवियों ने लाठी-डंडों व ईंट-पत्थरों से पुलिस की गाड़ी को भी क्षतिग्रस्त कर दिया। हालात कुछ समय के लिए बेकाबू हो गए, लेकिन वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने मोर्चा संभालते हुए स्थिति पर काबू पाया। उपद्रवियों में से कई को मौके पर ही गिरफ्तार किया गया, जबकि कुछ लोग मौके से फरार हो गए। पुलिस अब वायरल वीडियो और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर उनकी पहचान कर कार्रवाई में जुट गई है।
इटावा के ग्रामीण पुलिस अधीक्षक श्रीशचंद्र ने बताया कि कुछ असामाजिक तत्वों ने माहौल बिगाड़ने की कोशिश की थी, लेकिन समय रहते स्थिति को नियंत्रित कर लिया गया। दर्जन भर से ज्यादा लोगों को हिरासत में लिया गया है और उनके खिलाफ कानून के तहत कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
गौरतलब है कि 21 जून को कथावाचक मुकुट मणि यादव और संत कुमार यादव के साथ कथित तौर पर दुर्व्यवहार किया गया था, जिसमें संत का सिर मुड़वा दिया गया था। आरोप था कि कथावाचकों ने जाति छिपाकर कथा की और महिला से छेड़छाड़ की। इस मामले में चार ब्राह्मण युवकों की गिरफ्तारी हुई थी। इसके बाद दोनों पक्षों में तनाव गहराता गया, जिसे लेकर अब गांव में हालात बेहद संवेदनशील बने हुए हैं।




