संगारेड्डी। तेलंगाना के संगारेड्डी जिले में सोमवार सुबह एक दवा निर्माण फैक्ट्री में हुए जोरदार विस्फोट ने हड़कंप मचा दिया। पाशमिलारम स्थित सिगाची केमिकल इंडस्ट्री में सुबह करीब 7 बजे एक रिएक्टर में धमाका हुआ, जिसमें अब तक 10 मजदूरों की मौत की पुष्टि हो चुकी है, जबकि 15 से 20 मजदूर घायल बताए जा रहे हैं।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से केन्द्रीय कोयला एवं खान राज्य मंत्री सतीश चन्द्र दुबे ने की सौजन्य मुलाकात
पुलिस के अनुसार, अब तक 14 घायलों को सुरक्षित बाहर निकाला जा चुका है। वहीं, कई लोग अब भी फैक्ट्री के अंदर फंसे हुए हैं, जिनकी तलाश जारी है। घटनास्थल पर दमकल विभाग की 11 गाड़ियां मौजूद हैं और बचाव कार्य युद्ध स्तर पर जारी है। स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स में आशंका जताई जा रही है कि मृतकों की संख्या और बढ़ सकती है। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि विस्फोट के बाद मजदूर फैक्ट्री से जान बचाकर बाहर भागते दिखे। फिलहाल धमाके के कारणों का पता नहीं चल सका है। पुलिस और प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है।




