नई दिल्ली: जुलाई 2025 की शुरुआत एलपीजी उपभोक्ताओं के लिए राहत लेकर आई है। ऑयल मार्केटिंग कंपनियों ने कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में बड़ी कटौती की है। हालांकि, घरेलू उपयोग में आने वाले 14.2 किलो वाले रसोई गैस सिलेंडर की कीमतों में कोई बदलाव नहीं किया गया है। नई दरें 1 जुलाई 2025 से लागू हो गई हैं।
दिल्ली में 58.50 रुपये सस्ता हुआ सिलेंडर
IOCL की वेबसाइट के मुताबिक, दिल्ली में पहले 19 किलो वाला कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर 1723.50 रुपये में मिल रहा था, जो अब घटकर 1665 रुपये का हो गया है। यानी उपभोक्ताओं को प्रति सिलेंडर 58.50 रुपये की राहत मिली है।
चीफ सेकरेट्री अमिताभ जैन के एक्सटेंशन का सामान्य प्रशासन विभाग ने जारी किया आदेश
अन्य महानगरों में भी राहत
- कोलकाता: 1826 रुपये से घटकर 1769 रुपये
- मुंबई: 1674.50 रुपये से घटकर 1616.50 रुपये
- चेन्नई: 1881 रुपये से घटकर 1823.50 रुपये
ये सभी दरें 1 जुलाई से प्रभावी हैं और देश भर के होटल, रेस्टोरेंट, ढाबा और अन्य व्यापारिक इकाइयों के लिए राहत भरी खबर हैं।
जून में भी मिली थी राहत
गौरतलब है कि जून 2025 में भी ऑयल कंपनियों ने कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में कटौती की थी। 1 जून को इन सिलेंडरों की कीमतों में 24 रुपये तक की कमी की गई थी। दिल्ली में सिलेंडर 1747.50 रुपये से घटकर 1723.50 रुपये का हो गया था। यह लगातार दूसरा महीना है जब कमर्शियल सिलेंडर की कीमतों में कमी की गई है।
घरेलू गैस के मोर्चे पर नहीं मिली राहत
हालांकि, घरेलू गैस सिलेंडर (14.2 किलो) के उपभोक्ताओं को इस बार भी राहत नहीं मिली है। इनकी कीमतें पिछले महीने की तरह स्थिर बनी हुई हैं।
कारोबारी वर्ग को राहत
कमर्शियल सिलेंडर की कीमतों में कटौती से फूड इंडस्ट्री, रेस्टोरेंट और केटरिंग सेवाओं को सीधा फायदा होगा, जिससे मंहगाई पर भी कुछ हद तक नियंत्रण की उम्मीद की जा रही है।
सरकार और तेल कंपनियां अंतरराष्ट्रीय बाजार की परिस्थितियों को देखते हुए हर महीने की पहली तारीख को LPG की कीमतों की समीक्षा करती हैं। ऐसे में उपभोक्ताओं की निगाह अब अगस्त 2025 की संभावित दरों पर टिकी हैं।




