बिलासपुर। शहर के सार्वजनिक परिवहन को नया आयाम देने की तैयारी जोरों पर है। बिलासपुर में जल्द ही इलेक्ट्रिक सिटी बसों का संचालन शुरू होने जा रहा है, जिससे न सिर्फ यात्रियों को आधुनिक और आरामदायक सफर का अनुभव मिलेगा, बल्कि शहर में प्रदूषण स्तर भी घटेगा। इन बसों का संचालन बिलासपुर जिला अरबन पब्लिक सर्विस सोसायटी द्वारा किया जाएगा। सभी बसें कोनी स्थित सिटी बस टर्मिनल से संचालित होंगी, जहां पर सुविधाओं से लैस एक अत्याधुनिक केंद्र तैयार किया जा रहा है।
चार्जिंग स्टेशन और यात्री सुविधाओं पर 8 करोड़ की लागत
कोनी स्थित सिटी बस टर्मिनल का कायाकल्प किया जा रहा है। करीब 8 करोड़ रुपये की लागत से यहां इलेक्ट्रिक बसों के लिए चार्जिंग स्टेशन, यात्रियों के लिए प्रतीक्षालय, रैन बसेरा और बच्चों के लिए एक सुंदर उद्यान विकसित किया जा रहा है। नगर निगम आयुक्त अमित कुमार ने बताया कि चार्जिंग स्टेशन का निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है और नवंबर-दिसंबर तक बसों का संचालन शुरू कर दिया जाएगा।
Read Also- निष्क्रिय राजनीतिक दलों पर चुनाव आयोग की बड़ी कार्रवाई, छत्तीसगढ़ के कई दलों को कारण बताओ नोटिस जारी
पहले चरण में आएंगी 25 इलेक्ट्रिक बसें
शहर को पहले चरण में 25 नई इलेक्ट्रिक बसें मिलेंगी। इनमें 35 बसें 34 सीटर एयर कंडीशन्ड होंगी, जबकि 15 बसें 18 सीटर एसी कैटेगरी की होंगी। ये बसें पूरी तरह से पर्यावरण अनुकूल तकनीक से लैस हैं और यात्रियों को गर्मी व प्रदूषण से राहत देने का काम करेंगी। शेष बसें दूसरे चरण में आएंगी।
पुरानी बसों की होगी नीलामी, खस्ताहाल हो चुकी हैं 25 बसें
फिलहाल शहर में 13 पुरानी सिटी बसें परिचालन में हैं, जिनमें से तीन वर्कशॉप में मरम्मत के लिए भेजी गई हैं। इसके अलावा करीब 10 साल पुरानी 25 खस्ताहाल बसों को नीलाम किया जाएगा। इसके लिए एआरटीओ, पीडब्ल्यूडी और नगर निगम के अधिकारियों की एक संयुक्त समिति गठित की गई है, जो नीलामी प्रक्रिया की निगरानी करेगी।
Read Also- रेरा ने बिना पंजीकरण के 136 प्रोजेक्ट संचालित करने वाले बिल्डरों को जारी किया नोटिस
केंद्र सरकार ने की प्रगति की समीक्षा
इस परियोजना की प्रगति की समीक्षा 30 जून को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से की गई। बैठक की अध्यक्षता केंद्रीय आवास एवं शहरी मामलों के मंत्रालय के निदेशक ने की। इस दौरान छत्तीसगढ़ नगरीय प्रशासन विभाग के वरिष्ठ अधिकारी और बस आपूर्ति करने वाली कंपनी चार्टर्ड स्पीड लिमिटेड के प्रतिनिधि भी बैठक में शामिल हुए।
शहरवासियों को मिलेगा लाभ
बिलासपुर नगर निगम का यह कदम शहरवासियों के लिए एक बड़ी सौगात साबित होगा। इससे न केवल सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था मजबूत होगी, बल्कि ईंधन की बचत और पर्यावरण संरक्षण में भी योगदान मिलेगा। आने वाले समय में इलेक्ट्रिक बसें शहर की सड़कों पर दौड़ती नजर आएंगी, जिससे यात्रा का अनुभव पहले से अधिक सुरक्षित, सुलभ और आरामदायक होगा।




