मुंबई
वेब सीरीज पंचायत 4 में प्रधान जी की बेटी रिंकी का किरदार निभाने वाली सांविका इन दिनों खूब चर्चा में हैं। उनके देसी लुक और सादगी ने दर्शकों का ध्यान खींचा है। इस किरदार से उन्हें जबरदस्त लोकप्रियता मिली है और अब लोग उन्हें ओटीटी की नई स्टार मानने लगे हैं।
सांविका मध्य प्रदेश के जबलपुर से आती हैं। उन्होंने इंजीनियरिंग की पढ़ाई की है लेकिन एक इंटरव्यू में बताया कि वह कभी भी 9 से 5 की नौकरी नहीं करना चाहती थीं। इसी कारण उन्होंने अपने माता पिता से झूठ बोलकर एक्टिंग के सपने को पूरा करने के लिए मुंबई का रुख किया। उन्होंने परिवार से कहा कि वह बेंगलुरू में नौकरी करने जा रही हैं जबकि असल में वह मुंबई में अपना करियर बनाने पहुंचीं।
मुंबई में शुरुआत आसान नहीं रही। उन्होंने असिस्टेंट कॉस्ट्यूम डिजाइनर के रूप में काम शुरू किया और कुछ विज्ञापनों में भी नजर आईं। इस दौरान वह लगातार ऑडिशन देती रहीं और कई रिजेक्शन का सामना किया। एक विज्ञापन से उन्हें एक्टिंग में पहला ब्रेक मिला और फिर वेब सीरीज पंचायत में रिंकी का किरदार उन्हें फेमस बना गया।
हालांकि सीजन 2 में उनकी स्क्रीन टाइम कम थी लेकिन फिर भी उन्होंने अपनी सादगी से लोगों का दिल जीत लिया। सांविका लखन लीलना भार्गव और हजामत जैसे शोज में भी नजर आ चुकी हैं लेकिन असली पहचान उन्हें पंचायत से ही मिली है।




