नई दिल्ली
त्रिनिदाद और टोबैगो की यात्रा पर पहुंचे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वहां की प्रधानमंत्री कमला प्रसाद-बिसेसर के साथ कोवा स्थित नेशनल साइक्लिंग वेलोड्रोम में आयोजित एक सामुदायिक कार्यक्रम में भाग लिया। कार्यक्रम की शुरुआत प्रधानमंत्री मोदी ने “जय श्रीराम” और “सीता राम” के उद्घोष के साथ की, जिससे वहां मौजूद भारतीय मूल के लोगों में उत्साह की लहर दौड़ गई।
भारतीय समुदाय को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, “मैं कुछ समय पहले ही गुनगुनाते पक्षियों की इस खूबसूरत भूमि पर आया हूं और मेरा पहला संवाद यहां के भारतीय समुदाय से होना मेरे लिए गर्व की बात है। त्रिनिदाद और टोबैगो में भारतीयों की यात्रा साहस, परिश्रम और संस्कृति की मिसाल है।”
पीएम मोदी ने त्रिनिदाद और टोबैगो को क्षेत्र का पहला देश बनने पर बधाई दी जिसने भारत की डिजिटल भुगतान प्रणाली UPI को अपनाया है। उन्होंने कहा, “अब पैसे भेजना गुड मॉर्निंग मैसेज भेजने जितना आसान हो जाएगा, और यह वेस्टइंडीज की तेज गेंदबाजी से भी तेज होगा।”
प्रधानमंत्री ने यह भी कहा कि भारत जल्द ही विश्व की शीर्ष तीन अर्थव्यवस्थाओं में शामिल होगा। उन्होंने बताया कि पिछले दशक में भारत ने 25 करोड़ लोगों को अत्यधिक गरीबी से बाहर निकाला है और यह भारत की समावेशी विकास नीति का प्रमाण है।
प्रधानमंत्री ने भारत की तरक्की का श्रेय युवाओं को देते हुए कहा कि भारत की ऊर्जा, नवाचार और संकल्प ही उसके उज्ज्वल भविष्य की नींव हैं।




