नई दिल्ली। एअर इंडिया ने अहमदाबाद में हुए विमान हादसे से जुड़े मुआवजे की प्रक्रिया को लेकर उठे सवालों पर सफाई दी है। एयरलाइन ने स्पष्ट किया है कि मुआवजे को लेकर उन पर लगाए गए आरोप पूरी तरह से निराधार हैं। इंडिया टुडे को दिए एक बयान में एअर इंडिया ने कहा कि मुआवजे के लिए दी गई प्रश्नावली का उद्देश्य केवल पीड़ित यात्रियों के पारिवारिक संबंधों की पुष्टि करना है, ताकि मुआवजा सही लाभार्थियों को मिल सके।
कंपनी ने यह भी बताया कि यह एक जरूरी औपचारिक प्रक्रिया है और इसमें किसी प्रकार की जटिलता या भेदभाव नहीं किया जा रहा। एयरलाइन ने कहा कि पीड़ित परिवारों को हर संभव सहायता देने के लिए विशेष टीमें गठित की गई हैं, जो अंतिम संस्कार, अस्थायी आवास और अन्य जरूरी व्यवस्थाओं में परिजनों की मदद कर रही हैं।
एअर इंडिया ने यह भी स्पष्ट किया कि किसी भी परिवार के घर बिना सूचना के कोई प्रतिनिधि नहीं भेजा जाएगा। सभी फॉर्म ई-मेल के जरिए या व्यक्तिगत रूप से ही जमा किए जा सकते हैं, जिससे पारदर्शिता बनी रहे।
विमानन कंपनी ने बताया कि अब तक 47 पीड़ित परिवारों को अग्रिम मुआवजा राशि दी जा चुकी है और 55 अन्य परिवारों को भुगतान की प्रक्रिया जारी है। कंपनी ने दोहराया कि पीड़ितों के प्रति उसकी पूरी संवेदनाएं हैं और वह हर कदम पर उनके साथ खड़ी है।
इस बयान के जरिए एअर इंडिया ने यह संदेश देने की कोशिश की है कि कंपनी न केवल औपचारिकताओं को निभा रही है बल्कि मानवीय आधार पर भी पीड़ित परिवारों के साथ सहयोग कर रही है।




