हैदराबाद। तेलंगाना के पाशमिलारम इंडस्ट्रियल एरिया स्थित सिगाची इंडस्ट्रीज में 30 जून को हुए भीषण ब्लास्ट में मरने वालों की संख्या बढ़कर 42 हो गई है। रविवार को एक घायल की अस्पताल में मौत हो गई, जबकि एक अन्य शव की पहचान DNA जांच के माध्यम से हुई। अभी भी 8 लोग लापता हैं और हादसे के 6 दिन बाद भी सर्च ऑपरेशन जारी है।
देश के कई राज्यों में भारी बारिश का कहर, हिमाचल में 82 मौतें, अयोध्या में सरयू खतरे के करीब
अधिकारियों के अनुसार, शनिवार और रविवार को घटनास्थल से कुछ हड्डियां और जले हुए शरीर के अंग मिले हैं, जिनका DNA टेस्ट किया जा रहा है। इनकी पहचान हो जाने पर लापता लोगों की संख्या में कमी आ सकती है। यह हादसा सुबह 8.15 से 9.30 बजे के बीच हुआ था, जब फैक्ट्री में करीब 150 कर्मचारी मौजूद थे। विस्फोट स्थल पर उस समय 90 लोग काम कर रहे थे। पहले दिन रेस्क्यू टीम ने 31 शव बरामद किए थे।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने PM नेशनल रिलीफ फंड से मृतकों के परिजनों को ₹2 लाख और घायलों को ₹50 हजार की आर्थिक सहायता की घोषणा की है। वहीं, सिगाची इंडस्ट्रीज ने अपनी ओर से मृतकों के परिजनों को ₹1 करोड़, गंभीर रूप से घायलों को ₹10 लाख और अन्य घायलों को ₹5 लाख की राहत राशि देने का ऐलान किया है। इस दर्दनाक हादसे ने राज्यभर में गहरा शोक पैदा कर दिया है। राहत और बचाव कार्य लगातार जारी है, और प्रशासन घटना की जांच में जुटा हुआ है।




