चूरू
राजस्थान के चुरू जिले से भारतीय वायुसेना से जुड़ी दुखद खबर सामने आई है। बुधवार दोपहर को भारतीय वायुसेना का एक जगुआर लड़ाकू विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इस हादसे ने क्षेत्र में हड़कंप मचा दिया और सुरक्षाबलों के साथ-साथ प्रशासन भी तुरंत हरकत में आ गया।
जानकारी के अनुसार, यह हादसा चुरू जिले के रतनगढ़ क्षेत्र में दोपहर लगभग 12 बजकर 40 मिनट पर हुआ, जब विमान अचानक एक खेत में गिरकर क्रैश हो गया। धमाके की आवाज सुनते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और तुरंत पुलिस और वायुसेना को सूचना दी गई।
एक शव मिलने की पुष्टि
हादसे के बाद मौके से एक शव बरामद किया गया है। हालांकि, अब तक यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि शव पायलट का है या किसी स्थानीय व्यक्ति का। प्रशासन और वायुसेना की टीमें मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई हैं। पुलिस ने क्षेत्र को चारों तरफ से घेर लिया है और सुरक्षा कारणों से लोगों की आवाजाही बंद कर दी गई है।
खेत में हुआ हादसा
रतनगढ़ क्षेत्र के जिस स्थान पर यह हादसा हुआ, वह खुला खेत इलाका बताया जा रहा है। ग्रामीणों के अनुसार, विमान तेज आवाज के साथ नीचे गिरा और जोरदार विस्फोट हुआ। विस्फोट के बाद मौके पर आग लग गई और मलबे में चारों तरफ धुआं फैल गया।
वायुसेना ने शुरू की जांच
भारतीय वायुसेना ने इस हादसे की जांच के आदेश दे दिए हैं। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, विमान एक नियमित अभ्यास उड़ान पर था, जब यह तकनीकी कारणों के चलते दुर्घटनाग्रस्त हुआ। वायुसेना की विशेष टीम ने ब्लैक बॉक्स और तकनीकी साक्ष्य इकट्ठा करना शुरू कर दिया है।
यह हादसा एक बार फिर से फाइटर जेट की सुरक्षा और तकनीकी दक्षता को लेकर सवाल खड़े कर रहा है। अब सभी की निगाहें वायुसेना की जांच रिपोर्ट पर टिकी हैं, जिससे इस दुखद घटना की सटीक वजह सामने आ सके।




