Shubhanshu Shukla Return: भारत के लिए एक गर्व का क्षण सामने है। भारतीय अंतरिक्ष यात्री शुभांशु शुक्ला आज सफल अंतरिक्ष मिशन के बाद धरती पर लौटने वाले हैं। Axiom-4 मिशन के तहत शुभांशु ने अपने तीन अंतरराष्ट्रीय साथियों, अमेरिका की अनुभवी अंतरिक्ष यात्री पेगी व्हिटसन, पोलैंड के सावोस्ज उजनान्स्की और हंगरी के तिबोर कपू के साथ अंतरिक्ष की यात्रा की थी। स्पेसक्राफ्ट ड्रैगन आज कैलिफोर्निया के तट से सटे समुद्र में स्प्लैशडाउन करेगा। नासा और Axiom Space की टीमें इस ऐतिहासिक वापसी पर लगातार नजर बनाए हुए हैं।
26 जून को शुभांशु शुक्ला ने अमेरिका के केनेडी स्पेस सेंटर से उड़ान भरी थी। करीब 20 दिन के अंतरिक्ष प्रवास के दौरान इस दल ने अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन (ISS) पर कई वैज्ञानिक प्रयोगों और तकनीकी परीक्षणों को अंजाम दिया। इनका उद्देश्य पृथ्वी व अंतरिक्ष के बीच जीवन व तकनीक की समझ को और बेहतर बनाना था। इस दौरान उन्होंने लगभग 6 मिलियन मील की दूरी तय करते हुए पृथ्वी की कई बार परिक्रमा की।
Read Also- जेलों में बढ़ते कट्टरपंथ पर गृह मंत्रालय सख्त, राज्यों को जारी किया दिशा-निर्देश
सोमवार को भारतीय समयानुसार शाम करीब 4:30 बजे ड्रैगन स्पेसक्राफ्ट ने ISS से अनडॉक किया। अनडॉकिंग के लगभग 22.5 घंटे बाद स्पेसक्राफ्ट के शांतिपूर्वक कैलिफोर्निया के समुद्र में उतरने वाला है। Axiom-4 मिशन की समाप्ति से पहले स्टेशन पर एक विशेष विदाई समारोह भी आयोजित किया गया। शुभांशु शुक्ला ने इस अवसर पर भावुक होते हुए कहा कि, जल्द धरती पर फिर से मुलाकात होगी।
धरती पर लौटने के बाद, मिशन के सभी अंतरिक्ष यात्रियों को एक सप्ताह तक रिहैबिलिटेशन में रखा जाएगा, ताकि वे पृथ्वी की गुरुत्वाकर्षण के माहौल में फिर से खुद को अनुकूलित कर सकें। यह प्रक्रिया अंतरिक्ष मिशन के बाद सामान्य रूप से की जाती है ताकि शरीर की कार्यक्षमता सहज रूप से बहाल हो सके।
Read Also- एयर इंडिया हादसे की रिपोर्ट जारी, टेक ऑफ के 30 सेकंड बाद कैसे क्रैश हुआ विमान
शुभांशु शुक्ला की वापसी को लेकर उनके परिवार में उत्साह और भावनाओं का सागर उमड़ा हुआ है। उनके पिता शंभू दयाल शुक्ला और मां आशा शुक्ला ने बेटे की सुरक्षित वापसी पर हर्ष जताया है। मिशन पर रवाना होने से पहले शुभांशु ने सोशल मीडिया पर एक मार्मिक पोस्ट भी साझा की थी, जिसमें उन्होंने अपने परिवार, विशेषकर अपनी पत्नी के प्रति प्रेम और आभार व्यक्त किया था।




