कोरबा,: एक दिल दहला देने वाली घटना कोरबा के गोढ़ी क्षेत्र में 11वीं कक्षा की 16 वर्षीय छात्रा अदिति सोलंकी ने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। बताया जा रहा है कि इस कदम के पीछे का कारण परिजनों के साथ स्कूल जाने को लेकर हुई कहासुनी थी। इस घटना ने परिवार को मानसिक रूप से तोड़ दिया है, और पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
अदिति सोलंकी जैन पब्लिक स्कूल, गोढ़ी में 11वीं कक्षा की छात्रा थी। उसके पिता अजय पाल सिंह एक ठेकेदार हैं, और वह एक संयुक्त परिवार में रहती थी, जिसमें उनके बड़े पिता, जो बालको में कर्मचारी हैं, सहित अन्य परिवारजन शामिल हैं।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, बीती रात अदिति और उसके परिजनों के बीच स्कूल जाने को लेकर विवाद हुआ था। परिजनों ने बताया कि अदिति जिद्दी स्वभाव की थी और छोटी-छोटी बातों पर नाराज हो जाया करती थी। हाल ही में, उसने एक दुकान से उधार में कोल्ड ड्रिंक और चिप्स लिए थे, जिसके लिए परिजनों ने उसे समझाया था। इसके बाद, सुबह जब परिवार के लोग कमरे में पहुंचे, तो अदिति का शव पंखे से दुपट्टे के सहारे लटका हुआ मिला।
कोरबा सीएसपी भूषण एक्का ने बताया, “छात्रा ने घर पर आत्महत्या की है। प्रारंभिक जांच में पारिवारिक विवाद की बात सामने आई है। पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है, और पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।”




