Lजोशीमठ (उत्तराखंड)। टीएचडीसी की निर्माणाधीन विष्णुगाड़ पीपलकोटी जल विद्युत परियोजना की डैम साइट हेलंग में शनिवार सुबह बड़ा हादसा हो गया। लगभग सुबह 11 बजे अचानक पहाड़ी का एक हिस्सा टूटकर गिर गया, जिसकी चपेट में आकर 12 मजदूर घायल हो गए। इनमें 1 मजदूर की हालत गंभीर बताई जा रही है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसा उस समय हुआ जब साइट पर करीब 40-50 मजदूर काम कर रहे थे। अचानक हुए भूस्खलन में चट्टानों का मलबा नीचे गिरा और कई मजदूर उसकी चपेट में आ गए। सूचना मिलते ही पुलिस और बचाव दल मौके पर पहुंचा और तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया।
घटना के बाद 8 मजदूरों को प्राथमिक उपचार के लिए कैंप भेजा गया, जबकि 4 मजदूरों को अधिक चोट लगने के कारण पीपलकोटी के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया। गंभीर रूप से घायल 1 मजदूर को मेडिकल कॉलेज श्रीनगर रेफर किया गया है, जबकि 3 मजदूरों का उपचार स्वामी विवेकानंद अस्पताल पीपलकोटी में चल रहा है।
सुरक्षा कारणों के चलते फिलहाल डैम साइट पर सभी मजदूरों को हटा लिया गया है और निर्माण कार्य अस्थायी रूप से रोक दिया गया है।




