कोरबा। जिले के बाल संप्रेषण गृह से एक हैरान कर देने वाला वीडियो सामने आया है, जिसने पूरे प्रशासन को कटघरे में खड़ा कर दिया है। वायरल हो रहे इस वीडियो में नाबालिग आरोपी न सिर्फ टीवी पर गैंगस्टर गानों का लुत्फ उठाते नजर आ रहे हैं, बल्कि इस पूरे घटनाक्रम को मोबाइल से रिकॉर्ड कर सोशल मीडिया पर पोस्ट भी किया गया है।
वीडियो में एक नाबालिग आरोपी आराम से कुर्सी पर बैठा दिखाई दे रहा है, जबकि बैकग्राउंड में तेज आवाज में गैंगस्टर गाने चल रहे हैं। बताया जा रहा है कि यह आरोपी पहले भी कई मामलों में संलिप्त रह चुका है और आदतन अपराधी की श्रेणी में आता है। हैरानी की बात यह है कि यह वीडियो इंस्टाग्राम पर पोस्ट किया गया, जिससे यह साफ होता है कि बाल संप्रेषण गृह के भीतर न सिर्फ मोबाइल फोन की अवैध पहुंच है, बल्कि इंटरनेट का इस्तेमाल भी बेरोकटोक किया जा रहा है।
Read Also- जिला जेल से चार विचाराधीन कैदी फरार, जेल प्रशासन और पुलिस विभाग में मचा हड़कंप
इस पूरे मामले के सामने आने के बाद बाल संप्रेषण गृह की सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी प्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। यह समझ से परे है कि सुरक्षा तंत्र की मौजूदगी में नाबालिगों के पास मोबाइल फोन कैसे पहुंचे, और उन्हें इस तरह की गतिविधियों की अनुमति कैसे दी गई।
मामले की जानकारी मिलने के बाद प्रशासन हरकत में आ गया है। संबंधित अधिकारियों से जवाब-तलबी की तैयारी की जा रही है। वहीं, इस मामले ने बाल अधिकारों की सुरक्षा और सुधार गृहों में सुधारात्मक वातावरण सुनिश्चित करने को लेकर भी गहन मंथन की आवश्यकता जताई है।




