कोंडागांव। जिले के बयानार क्षेत्र में स्थित छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल (CAF) कैंप से एक चौंकाने वाली और दुखद घटना सामने आई है। रविवार देर रात CAF के प्लाटून कमांडर दिनेश सिंह चंदेल ने अपनी ही सर्विस राइफल से खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। घटना के समय जवान ड्यूटी पर था। गोली चलने की आवाज सुनकर साथी जवान मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। मौके पर ही उनकी मौत हो चुकी थी।
Read Also- रायपुर: खारुन नदी में युवक की लाश मिलने से सनसनी, डीडी नगर पुलिस ने शुरू की जांच
मृतक जवान की पहचान दुर्ग जिले के निवासी दिनेश सिंह चंदेल के रूप में हुई है। वह CAF के बयानार कैंप में प्लाटून कमांडर के पद पर तैनात थे। जवान द्वारा आत्महत्या किए जाने की खबर मिलते ही पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
Read Also- वन विभाग की बड़ी कार्रवाई: शिकार करते तीन आरोपी गिरफ्तार, रायफल व 22 मृत वन्यजीव बरामद
फिलहाल आत्महत्या की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। न ही CAF के किसी वरिष्ठ अधिकारी और न ही पुलिस प्रशासन की ओर से अब तक कोई आधिकारिक बयान सामने आया है। पुलिस आत्महत्या के कारणों की पड़ताल कर रही है। जवान के मोबाइल, ड्यूटी रिकॉर्ड और साथी जवानों से पूछताछ की जा रही है ताकि यह पता चल सके कि आखिर किन परिस्थितियों में दिनेश सिंह चंदेल ने इतना बड़ा कदम उठाया।




