धमतरी। जिले के मथुराडीह मोड़ स्थित अन्नपूर्णा ढाबा के पास सोमवार देर रात दिल दहला देने वाली वारदात हुई। रायपुर से आए तीन युवकों पर 8 से 10 हमलावरों ने धारदार हथियारों से ताबड़तोड़ हमला कर उनकी हत्या कर दी। हमले में दो अन्य युवक किसी तरह भागकर अपनी जान बचाने में सफल रहे।
अर्जुनी पुलिस के मुताबिक, हमलावरों में एक नाबालिग भी शामिल है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने घेराबंदी कर कार्रवाई की और अब तक 8 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों के कब्जे से हथियार और चाकू भी बरामद किए गए हैं। फिलहाल, कुछ अन्य संदिग्धों से पूछताछ की जा रही है।
Read Also- 33 पुलिसकर्मियों का तबादला, SP ने पुलिस विभाग में किया बड़ा फेरबदल
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ढाबे पर पहले से ही कुछ लोगों के बीच विवाद चल रहा था। इस दौरान रायपुर से आए तीन युवक भी किसी कारणवश उस झगड़े में शामिल हो गए। देखते ही देखते स्थिति इतनी बिगड़ गई कि मौजूद हमलावरों ने उन पर चाकू और अन्य धारदार हथियारों से लगातार वार किए, जिससे तीनों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
स्थानीय स्तर पर यह चर्चा भी है कि इस इलाके में रेत माफिया की गतिविधियां लंबे समय से सक्रिय हैं, जिसके चलते तनाव का माहौल बना रहता है। हालांकि, पुलिस का कहना है कि हत्या के पीछे की असली वजह पूछताछ के बाद ही सामने आएगी। मामले की जांच जारी है और पुलिस आरोपियों के नेटवर्क तथा घटनाक्रम की कड़ियों को जोड़ने में जुटी है।




