कोरबा। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर कोरबा जिले में कुछ युवकों ने माहौल बिगाड़ने की कोशिश की। SECL कॉलोनी और मानिकपुर चौकी क्षेत्र में बाइकर्स ने अपने साइलेंसर से पटाखों जैसी तेज आवाजें निकालकर हुड़दंग मचाया। इस दौरान वहां मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया।
घटना उस वक्त हुई जब जिले के वरिष्ठ अधिकारी एसपी सिद्धार्थ तिवारी, कलेक्टर अजीत वसंत और वन विभाग के अधिकारी आत्मानंद स्कूल में स्वतंत्रता दिवस कार्यक्रम में मौजूद थे। इसी बीच हेलीपैड के पास पौधरोपण कार्यक्रम चल रहा था और बाइकर्स तेज आवाज में बाइक दौड़ाने लगे।
Read Also- पुलिस ने स्कॉर्पियो से बरामद किए 4.04 करोड़, गुप्त खांचे में छुपाए थे नोट
मामले की जानकारी अधिकारियों तक पहुंची तो तुरंत पुलिस और वनकर्मियों को मौके पर भेजा गया। पुलिस को देखते ही युवकों में अफरा-तफरी मच गई और वे भागने लगे। हालांकि, पुलिस ने पीछा कर 8 युवकों को पकड़ लिया और उनकी बाइक जब्त कर मानिकपुर चौकी ले जाया गया। सभी पर कानूनी कार्रवाई की जा रही है।




