पटना। बिहार की राजधानी में दो नाबालिग बच्चों की रहस्यमयी मौत का मामला सोमवार को उग्र रूप ले लिया। आक्रोशित परिजनों और स्थानीय लोगों ने अटल पथ इलाके में जमकर हंगामा किया। इस दौरान भीड़ ने पुलिस पर पथराव, कई वाहनों के शीशे तोड़ने और सड़क पर आगजनी की घटनाओं को अंजाम दिया, जिससे पूरे क्षेत्र में तनाव फैल गया।
मामला क्या है?
यह घटना 5 अगस्त को इंद्रपुरी इलाके की है, जहां एक कार के अंदर दो नाबालिगों के शव मिले थे। पुलिस की प्रारंभिक जांच में दम घुटने से मौत की पुष्टि की गई थी। हालांकि, मृतकों के परिजन लगातार इस मामले को हत्या बता रहे थे। इसी विरोध और आक्रोश को लेकर सोमवार शाम परिजन और स्थानीय लोग सड़क पर उतर आए और पुलिस के खिलाफ नारेबाजी करने लगे।
प्रदर्शन और पुलिस कार्रवाई
देखते ही देखते प्रदर्शन उग्र हो गया। आक्रोशित भीड़ ने एक पुलिस वाहन में आग लगा दी और कई जगहों पर पथराव किया। हालात बिगड़ने पर पुलिस ने लाठीचार्ज कर भीड़ को तितर-बितर किया। इस दौरान अटल पथ पर कई घंटों तक अफरातफरी का माहौल बना रहा।
स्थिति पर नियंत्रण
फिलहाल इलाके में पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है और स्थिति पर नियंत्रण पाने की कोशिशें जारी हैं। अधिकारियों का कहना है कि परिजनों के आरोपों और स्थानीय लोगों की आशंकाओं को देखते हुए मामले की जांच आगे बढ़ाई जा रही है।




