कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में सरकारी स्कूल का हेडमास्टर शराब के नशे में स्कूल पहुंच गया। करतला ब्लॉक के जर्वे प्राथमिक स्कूल में गुरुवार को हेडमास्टर चंद्रपाल पैकरा कुर्सी पर पैर रखकर सोते हुए मिले। जब ग्रामीणों ने उनसे पूछा कि वे नशे की हालत में क्यों आए हैं, तो उन्होंने बेपरवाही से कहा – “घर से स्कूल पास है, इसलिए आ गया।” इस दौरान उनसे छत्तीसगढ़ स्थापना दिवस और ‘ब्यूटीफुल’ की स्पेलिंग पूछी गई, लेकिन वह कोई जवाब नहीं दे पाए। इस पूरे मामले का वीडियो वायरल हो रहा है।
कक्षा खाली, मास्टर साहब मदहोश
स्कूल में कुल 46 बच्चे और दो शिक्षक पदस्थ हैं। गुरुवार को एक कक्षा में शिक्षक देव प्रसाद बर्मन पढ़ा रहे थे, जबकि दूसरी कक्षा में बच्चे खेलकूद में व्यस्त थे। हेडमास्टर पैकरा अपने कार्यालय में गहरी नींद सोते मिले। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि वे अक्सर शराब पीकर स्कूल आते हैं और पढ़ाई पूरी तरह प्रभावित हो रही है।
Read Also- 13 दिन से हड़ताल पर NHM कर्मचारी: सरकार ने दी सख्त चेतावनी, काम पर नहीं लौटे तो होगी सेवा समाप्ति
विभाग की बड़ी लापरवाही
ग्रामीणों का कहना है कि करीब एक लाख रुपये मासिक वेतन पाने वाला यह हेडमास्टर लंबे समय से नशे में स्कूल आ रहा है, लेकिन विभाग की ओर से अब तक कोई सख्त कार्रवाई नहीं की गई। लोगों का मानना है कि ऐसे मामलों में अधिकतम कुछ दिनों का निलंबन होता है, स्थायी बर्खास्तगी नहीं।
बीईओ बोले – निलंबन तय
ब्लॉक शिक्षा अधिकारी (बीईओ) संदीप पांडे ने बताया कि घटना की जांच पूरी कर ली गई है और रिपोर्ट जिला शिक्षा अधिकारी (DEO) को सौंप दी गई है। उन्होंने कहा कि जल्द ही हेडमास्टर के खिलाफ निलंबन की कार्रवाई की जाएगी।




