बालाघाट। नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में लगातार विस्फोटक मिलने की घटनाओं के बीच पुलिस ने मंडला जिले के बीजाडांडी क्षेत्र के डूंगरिया जंगल में बने एक गोदाम का खुलासा किया है। यहां भारी मात्रा में एक्सपायर और असुरक्षित तरीके से रखे गए विस्फोटक बरामद किए गए।
सुरक्षा मानकों की अनदेखी
2023 में स्थापित इस गोदाम में 3075 किलो जिलेटिन और 6995 डेटोनेटर समेत अन्य विस्फोटक बिना सुरक्षा व्यवस्था के रखे गए थे। न सुरक्षा गार्ड, न सीसीटीवी और न ही बाउंड्रीवाल—खुलेआम नियमों का उल्लंघन किया जा रहा था। गोदाम से मात्र 300 मीटर की दूरी पर स्कूल और डेढ़ किमी पर गांव स्थित है। पुलिस ने तत्काल गोदाम को सील कर दिया।
मालिक और मैनेजर से पूछताछ
पुलिस ने नर्मदा इंटरप्राइजेस के मालिक हरजिंदर सिंह गुजराल, मैनेजर प्रदीप झारिया और गार्ड प्रमोद दाहिया से पूछताछ शुरू की है। डीएसपी (हाकफोर्स) आशीष पटेल ने कहा कि यह गोदाम कभी भी बड़ी दुर्घटना या नक्सलियों के कब्जे का कारण बन सकता था।
सप्लाई चेन पर जांच
नर्मदा इंटरप्राइजेस नागपुर की सोलर इंडस्ट्री से विस्फोटकों की खरीद करता रहा है। सोलर इंडस्ट्री वैध रूप से कई राज्यों में सप्लाई करती है। पुलिस ने कंपनी से डीलरों की सूची मांगी है। प्राथमिक जांच में सामने आया है कि मंडला में कुलदीप गुप्ता, दादा थनथनपाल स्टोन क्रशर और हीरक इन्फ्रा माइन को विस्फोटक सप्लाई किए जाते थे।
फिलहाल पुलिस जांच जारी है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि नक्सलियों तक ये विस्फोटक किस माध्यम से पहुंच रहे थे।




