सारंगढ़-बिलाईगढ़। छत्तीसगढ़ के सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले में मूसलाधार बारिश के बीच एक चौंकाने वाला वीडियो सामने आया है, जिसमें एक स्विफ्ट कार तेज बहाव में नाले में बह गई। कार में सवार तीन लोगों ने तैरकर अपनी जान बचाई।
घटना बरमकेला के विक्रमपाली के पास किकारी नाले की है। मंगलवार रात से हो रही भारी बारिश के कारण नाले और नदियां उफान पर हैं। बुधवार को उड़ीसा नंबर की स्विफ्ट कार ने जोखिम उठाते हुए नाले के ऊपर बहते पानी को पार करने की कोशिश की। तेज धार में कार बेकाबू होकर बह गई। मौके पर मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया। गनीमत रही कि कार सवार तीनों व्यक्तियों ने कूदकर सुरक्षित बाहर निकलने में कामयाबी हासिल की।
वीडियो में साफ दिख रहा है कि चालक की लापरवाही के कारण यह हादसा हुआ। प्रशासन बार-बार उफनते नालों और पुलों को पार न करने की चेतावनी दे रहा है, लेकिन इस घटना ने लापरवाही की गंभीरता को उजागर किया। स्थानीय लोगों ने बताया कि थोड़ी सी देरी होने पर बड़ा हादसा हो सकता था। यह घटना क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी हुई है।




