उज्जैन। बड़नगर चंबल नदी में हुई ट्रैक्टर-ट्रॉली दुर्घटना के बाद मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आज उज्जैन पहुंचे और मृत बच्चों के परिजनों से मिलकर ढांढस बंधाया। उन्होंने मृतकों के परिवार को 4-4 लाख रुपए की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की और घायलों के लिए 1-1 लाख रुपए की मदद की पुष्टि की।
सीएम ने पिरझलार गांव में हादसे का ब्योरा लिया और बताया कि देवी माता के विसर्जन के दौरान ट्रैक्टर-ट्रॉली नदी में गिर गई थी। घटना की गंभीरता को देखते हुए उन्होंने तुरंत जांच के आदेश दिए हैं।
हादसे में अब तक 3 बच्चों की मौत हो चुकी है, जबकि 2 गंभीर रूप से घायल बच्चों का इलाज इंदौर में जारी है। ट्रॉली में कुल 12 बच्चे सवार थे। सीएम ने घायलों के बेहतर इलाज और परिजनों की मदद सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।




