दुर्ग। जिले में पुलिस विभाग में अनुशासन बनाए रखने के लिए एसएसपी विजय अग्रवाल ने कड़ा कदम उठाया है। यातायात विभाग में तैनात आरक्षक अर्जुन दुबे को अवैध वसूली के आरोप में बर्खास्त कर दिया गया।
मिली जानकरी के अनुसार, सुपेला सब्जी मंडी क्षेत्र में दुबे ट्रक और छोटे मालवाहक वाहनों से 200 से 2000 रुपए तक की अवैध वसूली कर रहे थे। व्यापारियों ने पहले भी इसकी शिकायत यातायात प्रभारी एएसपी ऋचा मिश्रा को की थी। जांच में आरोप सही पाए जाने पर एसएसपी ने तुरंत बर्खास्तगी का आदेश जारी किया।
Read Also- टीएस सिंहदेव बोले- मैं क्यों कहूं कि मुझे सीएम नहीं बनना है… अजय चंद्राकर ने किया पलटवार- हम बना देंगे मुख्यमंत्री
जांच में यह भी सामने आया कि दुबे ने ट्रांसपोर्टर दुर्गेश सिन्हा से 5600 रुपए की राशि अपने बैंक खाते में ली थी। एएसपी (ग्रामीण) अभिषेक झा ने बैंक ट्रांजेक्शन और अन्य दस्तावेजों के आधार पर आरोपों को सत्यापित किया।
एसएसपी अग्रवाल ने कहा कि विभागीय प्रक्रिया के दौरान दुबे को अपना पक्ष रखने का अवसर दिया गया, लेकिन उसने कोई जवाब नहीं दिया। इससे पहले भी कर्तव्य में लापरवाही के कारण उसकी वेतनवृद्धि रोक दी गई थी। अंततः पुलिस रेग्यूलेशन पैरा 221 (क) के तहत उसकी सेवा समाप्त कर दी गई।
Read Also- रायपुर में दो युवक रिवॉल्वर और जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार, आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज
इसी बीच, स्मृति नगर चौकी में पदस्थ एएसआई प्रमोद सिंह और आरक्षक रवि ठाकुर को फरियादियों के साथ दुर्व्यवहार के आरोप में लाइन अटैच किया गया। जांच में आरोप सही पाए जाने पर उन्हें रक्षित केंद्र में स्थानांतरित किया गया।




