अलीगढ़। बिहार से आई 12 दुल्हनों ने करवा चौथ के अवसर पर अलीगढ़ और इगलास में लाखों की नकदी और जेवरात लेकर अचानक फरार हो गए। इस घटना ने इलाके में सनसनी मचा दी है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की तलाश में कई टीमें बिहार भेजी गई हैं।
पुलिस के अनुसार, 9 और 10 अक्टूबर 2025 को अलीगढ़ शहर और इगलास कस्बे के आसपास 12 शादियां हुईं। ये सभी लड़कियां बिहार से आई थीं और दलालों के माध्यम से शादियों का आयोजन किया गया था। प्रत्येक शादी पर दलालों ने 1 से 1.30 लाख रुपये तक कमीशन लिया।
शादियों में शामिल परिवार ज्यादातर अलीगढ़ (सासनी गेट) और इगलास (कैलाश नगर, भौंरा गौरवा) के थे। युवक 25 से 35 साल की उम्र के थे और स्थानीय नौकरियों या व्यवसाय से जुड़े थे। पूर्व महापौर शकुंतला भारती ने इसे एक संगठित गिरोह की कार्रवाई बताया और कहा कि इससे पहले भी अलीगढ़, आगरा और मथुरा में ऐसे मामले दर्ज हो चुके हैं।
शादी के दौरान दुल्हनों को महंगे जेवरात, नकदी और साड़ियां भेंट में दी गईं। सभी ने करवा चौथ का निर्जला व्रत रखा और शाम को पूजन व पकवान के साथ त्योहार मनाया।
जांच में पता चला है कि रात में दुल्हनों ने पतियों और परिवार के सदस्यों को खाने-पीने में नशीली दवा देकर बेहोश कर दिया। इसके बाद वे जेवरात, नकदी और अन्य कीमती सामान लेकर रातोंरात फरार हो गईं। चोरी का अनुमानित नुकसान लगभग 30 लाख रुपये से अधिक है, जिसमें प्रति परिवार औसतन 2-3 लाख रुपये मूल्य का सामान शामिल है।
पुलिस अब दुल्हनों और उनके गैंग के अन्य सदस्यों की तलाश कर रही है।




