रायपुर। बिहार विधानसभा चुनाव की आहट के साथ ही भारतीय जनता पार्टी ने अपनी चुनावी तैयारियों में तेजी ला दी है। पार्टी ने अपने शीर्ष नेताओं, सांसदों और पदाधिकारियों को अलग-अलग विधानसभा क्षेत्रों की जिम्मेदारी सौंप दी है। इसी क्रम में रायपुर से भाजपा सांसद बृजमोहन अग्रवाल को हाजीपुर और लालगंज विधानसभा क्षेत्रों की कमान सौंपी गई है।
मिली जानकारी के अनुसार, सांसद अग्रवाल बुधवार को दिल्ली में आयोजित एक महत्वपूर्ण रणनीतिक बैठक में शामिल होने के बाद पटना रवाना होंगे, जहां वे पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ चुनावी समीकरणों और बूथ प्रबंधन पर चर्चा करेंगे। वे 18 अक्टूबर को रायपुर लौटेंगे।
Read Also- लोक गायिका मैथिली ठाकुर ने भाजपा में शामिल, दिलीप जायसवाल ने दिलाई सदस्यता, इस सीट से लड़ सकती हैं चुनाव
रवानगी से पहले सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि बिहार ने कभी लालू प्रसाद यादव का जंगलराज देखा था और अब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में सुशासन का दौर देख रहा है। जनता को अब विकास पसंद है, अराजकता नहीं।
उन्होंने भरोसा जताया कि आगामी विधानसभा चुनाव में बिहार की जनता एक बार फिर एनडीए को भारी बहुमत से सत्ता में लाएगी। कांग्रेस पर तीखा हमला बोलते हुए अग्रवाल ने कहा, कांग्रेस की हालत अब किसी से छिपी नहीं है। जिन नेताओं को बार-बार हार का सामना करना पड़ा, उन्हीं को फिर जिम्मेदारी दी जा रही है। उनकी हार पहले भी हुई थी, अब भी होगी और आगे भी होती रहेगी।




