नई दिल्ली. भारतीय शेयर बाजार में गुरुवार 16 अक्टूबर को जबरदस्त तेजी दर्ज की गई। कारोबारी सत्र की शुरुआत में ही सेंसेक्स और निफ्टी दोनों सूचकांक हरे निशान में खुले। बीएसई सेंसेक्स 449.71 अंक या 0.54 प्रतिशत की बढ़त के साथ 83,055.14 पर पहुंच गया, जबकि एनएसई निफ्टी 122.15 अंक या 0.48 प्रतिशत की तेजी के साथ 25,445.70 के स्तर पर नजर आया।
सेक्टोरल इंडेक्स में तेजी, ऑटो सेक्टर सबसे आगे
स्मॉलकैप, मिडकैप और लार्जकैप इंडेक्स में आज मामूली बढ़त दर्ज की गई है। ऑटो सेक्टर में जोरदार उछाल देखने को मिली और यह इंडेक्स 816 अंकों की छलांग लगाकर 60,403 अंकों पर पहुंच गया। बैंकिंग सेक्टर में भी तेजी बनी हुई है, जिसमें 277 अंकों से अधिक की बढ़त दर्ज की गई। एक्सिस बैंक इस सेक्टर का टॉप गेनर बना हुआ है।
आज के टॉप गेनर्स
टाइटन
एक्सिस बैंक
महिंद्रा एंड महिंद्रा
अडानी पोर्ट्स
बजाज फाइनेंस
आज के टॉप लूजर्स
इन्फोसिस
टेक महिंद्रा
सनफार्मा
टीसीएस
टाटा स्टील
विदेशी निवेश से बाजार को समर्थन
बुधवार को विदेशी संस्थागत निवेशकों (FIIs) ने 2,511 करोड़ रुपये की शुद्ध खरीदारी की, जबकि घरेलू संस्थागत निवेशकों (DIIs) ने लगातार 36वें दिन खरीदारी जारी रखते हुए 4,650 करोड़ रुपये का निवेश किया। अमेरिकी बाजारों में भी दिनभर के उतार-चढ़ाव के बाद मिला-जुला रुख देखने को मिला। डाओ जोंस 17 अंक और नैस्डैक 150 अंक की बढ़त के साथ बंद हुआ। फिलहाल गिफ्ट निफ्टी करीब 50 अंक की बढ़त के साथ 24,450 के ऊपर ट्रेड कर रहा है। एशियाई बाजारों में निक्केई 350 अंक ऊपर है।
दूसरी तिमाही के नतीजों से निवेशकों की नजरें टिकीं
एक्सिस बैंक के नतीजे उम्मीद से बेहतर रहे, एचडीएफसी लाइफ के आंकड़े मिले-जुले रहे, जबकि KEI Industries, Oberoi Realty और L&T Finance का प्रदर्शन मजबूत रहा। वहीं Angel One के नतीजे कमजोर रहे। आज Infosys, Wipro, Nestle, Jio Financial और Eternal अपने दूसरी तिमाही (Q2) के नतीजे जारी करेंगी। इसके अलावा F&O सेगमेंट में Cyient, LTIMindtree और Indian Bank के परिणामों पर भी बाजार की नजर रहेगी।




