दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग शहर में शनिवार को सराफा कारोबारी की हत्या की वारदात ने पूरे क्षेत्र को दहला दिया। शीतल नगर निवासी सराफा व्यापारी संतोष आचार्य की उनके ही घर में घुसकर आठ हमलावरों ने बेरहमी से हत्या कर दी। घटना ने शहर में भय और आक्रोश का माहौल पैदा कर दिया है।
घर में घुसकर किया हमला
जानकारी के अनुसार, शनिवार दोपहर संतोष आचार्य घर पर अकेले थे। इसी दौरान आठ आरोपी वहां पहुंचे और कथित रूप से सब्बल (लोहे की रॉड) से मुख्य दरवाजे को तोड़कर अंदर घुस गए। अंदर घुसते ही हमलावरों ने संतोष पर लात-घूंसों और डंडों से हमला शुरू कर दिया।
कचरा गाड़ी में डालकर ले गए और की दोबारा पिटाई
हमले में गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद आरोपी नहीं रुके। बताया जा रहा है कि हमलावरों ने संतोष को घसीटकर घर से बाहर निकाला, फिर पास में खड़ी एक कचरा गाड़ी में डालकर सराफा लाइन क्षेत्र में ले गए। वहां उन्होंने दोबारा उनकी पिटाई की, जिससे संतोष की मौके पर ही मौत हो गई।
Read Also- जिलाध्यक्ष की कुर्सी के लिए 7 लाख की डील? छत्तीसगढ़ कांग्रेस में रिश्वतखोरी का आरोप, पूर्व विधायक ने सह प्रभारी पर साधा निशाना
इलाके में दहशत, दुकानदारों ने बंद की दुकानें
वारदात को देख आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हमलावर पूरी योजना के साथ आए थे। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत फैल गई और कई व्यापारियों ने अपनी दुकानें समय से पहले बंद कर दीं।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई, आठ आरोपी गिरफ्तार
सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर विशेष टीम ने कार्रवाई करते हुए सभी आठ आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। हालांकि, फिलहाल पुलिस ने उनके नामों का खुलासा नहीं किया है। पूछताछ में यह सामने आ रहा है कि पैसों के लेन-देन और पुराने विवाद को लेकर यह हत्या की गई है।
परिवार और व्यापारियों में गुस्सा
घटना के बाद मृतक के परिवार में मातम का माहौल है। स्थानीय व्यापारियों और सराफा संघों ने हत्या की कड़ी निंदा की है और आरोपियों को सख्त सजा देने की मांग की है। व्यापारियों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई, तो वे विरोध प्रदर्शन करेंगे।




