नई दिल्ली। लाल किला ब्लास्ट केस में सुरक्षा एजेंसियों ने जैश-ए-मोहम्मद के महिला आतंकी नेटवर्क का खुलासा किया है। फरीदाबाद से गिरफ्तार डॉ शाहीन शहीद को भारत में जैश की महिला शाखा जमात-उल-मोमिनीन की कमान सौंपी गई थी।
जांच में पता चला है कि शाहीन का कार्य भारत में महिलाओं की भर्ती, ब्रेनवॉश और ऑपरेशनल नेटवर्क तैयार करना था। सोशल मीडिया के जरिए यह नेटवर्क तेजी से विस्तार ले रहा था और स्थानीय सहयोगियों की मदद से जमीनी स्तर पर सक्रिय हो चुका था। शाहीन पाकिस्तान स्थित हैंडलर्स से लगातार संपर्क में थी।
खुफिया सूत्रों के अनुसार यह जिम्मेदारी शाहीन को जैश प्रमुख मसूद अजहर की बहन सादिया अजहर ने सौंपी थी। सादिया पाकिस्तान में महिला विंग की प्रमुख है और उसका पति यूसुफ अजहर कंधार विमान अपहरण का मास्टरमाइंड था।
एजेंसियां अब शाहीन के डिजिटल फुटप्रिंट, सोशल मीडिया कनेक्शन और संभावित सहयोगियों की गहन जांच कर रही हैं। यह खुलासा दर्शाता है कि जैश भारत में महिलाओं को आतंक के नए हथियार के रूप में इस्तेमाल करने की बड़ी साजिश रच रहा था।
सोमवार शाम लाल किला मेट्रो स्टेशन गेट नंबर एक के पास कार बम विस्फोट में दस लोगों की मौत हुई थी। यूएपीए के तहत मामला दर्ज कर एनआईए सहित सभी एजेंसियां जांच में जुटी हैं।




