नेशनल डेस्क। दुबई एयर शो के दौरान भारतीय वायुसेना का तेजस फाइटर जेट शुक्रवार को क्रैश हो गया। यह हादसा अल मकतूम इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर डेमो फ्लाइट के दौरान भारतीय समयानुसार शाम 3:40 बजे हुआ। न्यूज एजेंसी AP के अनुसार, विमान गिरते ही उसमें आग लग गई और घटनास्थल पर काले धुएं का घना गुबार दिखाई दिया।
भारतीय वायुसेना ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि हादसे में तेजस के पायलट की मौत हो गई है। वायुसेना ने लड़ाकू विमान दुर्घटना के कारणों की जांच के लिए कोर्ट ऑफ इन्क्वायरी के आदेश दे दिए हैं।
यह तेजस जेट के क्रैश होने की दूसरी घटना है। इससे पहले 2024 में राजस्थान के पोकरण में युद्धाभ्यास के दौरान इंजन फेल होने के कारण एक तेजस विमान दुर्घटनाग्रस्त हुआ था।
Read Also- दिल्ली में खतरनाक स्मॉग का कहर: AQI 506 के साथ फिर बनी दुनिया की सबसे प्रदूषित राजधानी
दुबई एयर शो दुनिया की प्रमुख एयरोस्पेस कंपनियों, एयरलाइंस, एयर फोर्सेज और टेक्नोलॉजी संगठनों को एक मंच पर लाने वाला बड़ा अंतरराष्ट्रीय आयोजन है। पांच दिनों तक चले इस एयर शो में नए विमान, हेलिकॉप्टर और अत्याधुनिक एरोस्पेस तकनीक का प्रदर्शन किया जाता है। इस बार शो का आखिरी दिन शुक्रवार था।
दुबई एयर शो की शुरुआत 1989 में हुई थी और यह हर दो साल में अल मकतूम एयरपोर्ट पर आयोजित किया जाता है। यह लगातार तीसरा मौका था जब भारतीय तेजस फाइटर जेट इस प्रतिष्ठित आयोजन का हिस्सा बना था।




